home page

जलभराव को लेकर महापौर का कड़ा निर्देश, मोरी गेट बाढ़ पंपिंग स्टेशन का किया निरीक्षण

 | 
जलभराव को लेकर महापौर का कड़ा निर्देश, मोरी गेट बाढ़ पंपिंग स्टेशन का किया निरीक्षण


जलभराव को लेकर महापौर का कड़ा निर्देश, मोरी गेट बाढ़ पंपिंग स्टेशन का किया निरीक्षण


पंपिंग स्टेशन पूरी क्षमता से तैयार रखने और जलभराव की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

प्रयागराज, 18 अगस्त (हि.स.)। मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए महापौर गणेश केसरवानी ने मंगलवार को दारागंज स्थित मोरी गेट बाढ़ पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा समेत नगर निगम के अधिकारियों के साथ पहुंचे महापौर ने पंपिंग स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जलभराव को लेकर सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने पंपों की कार्यक्षमता, उनकी स्थिति, विद्युत व्यवस्था, जल निकासी के मार्ग और नालों की सफाई की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी पंपिंग स्टेशन पूरी क्षमता के साथ तैयार रहें। पंपों और अन्य आवश्यक उपकरणों की नियमित जांच कर उन्हें दुरुस्त रखा जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को जलभराव के कारण किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। शहर के जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। बारिश के दौरान जहां भी पानी जमा हो, वहां तत्काल पंप लगाकर जल निकासी कराई जाए।

उन्होंने नालों की नियमित सफाई कराने और जल निकासी के सभी मार्गों को बाधामुक्त रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के साथ जलभराव से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

महापौर ने कहा कि नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित एवं जलभराव मुक्त शहर बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानसून के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम पूरी तरह तैयार है।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त, जलकल के महाप्रबंधक, अधिशासी अभियंता दिनेश सचान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल