जनसुरक्षा को लेकर महापौर गणेश केसरवानी का बड़ा कदम, शहरभर में अग्नि सुरक्षा मानकों की होगी व्यापक जांच
कमर्शियल मॉल, कोचिंग संस्थान, डिजिटल लाइब्रेरी, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों में संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था होगी सुदृढ़
प्रयागराज, 23 जून (हि.स.)। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंगलवार को प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने शहर में अग्नि एवं आपदा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत शहर के सभी कमर्शियल मॉल, कोचिंग संस्थान, घरों में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी, होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल, बैंक्वेट हॉल, मल्टीस्टोरी व्यावसायिक भवनों सहित अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में विशेष अग्नि सुरक्षा जांच अभियान चलाया जाएगा।
नगर निगम में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने नगर निगम एवं अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक निरीक्षण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में अग्निशमन विभाग को पत्र भेजकर सभी संस्थानों में सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि शहर में प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, ग्राहक एवं नागरिक विभिन्न संस्थानों में आते-जाते हैं। ऐसे में प्रत्येक संस्थान में अग्निशमन एवं आपदा सुरक्षा के मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संस्थानों में फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर हाइड्रेंट, इमरजेंसी एग्जिट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संस्थानों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को भी बढ़ावा देगा। नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण सुनिश्चित करना है।
बैठक में नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा प्रत्येक संस्थान की विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जाए। साथ ही जिन संस्थानों में सुधार की आवश्यकता होगी, वहां अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पुनः निरीक्षण भी किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि प्रयागराज को सुरक्षित, आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी संस्थानों का सहयोग अपेक्षित है।
बैठक में नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अधिशासी अभियंता अनिल मौर्य, सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

