home page

हर नागरिक तक शुद्ध एवं शीतल पेयजल पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी

 | 
हर नागरिक तक शुद्ध एवं शीतल पेयजल पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी


शहर के 15 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित होंगे नवीन वाटर कूलर, दारागंज में नई सुविधा का लोकार्पण

प्रयागराज, 16 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। यह बातें मंगलवार को दारागंज पुलिस स्टेशन के समीप नगर निगम के जल कल विभाग द्वारा स्थापित नवीन वाटर कूलर के लोकार्पण अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी ने कही।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत शहर के 15 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नवीन वाटर कूलर स्थापित किए जाएंगे, जिससे हजारों नागरिकों, श्रद्धालुओं और राहगीरों को राहत मिलेगी।

पेयजल जैसी मूलभूत सेवा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जल कल विभाग लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने जल कल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता और समर्पण से जनसुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है। आने वाले समय में शहर के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर की स्थापना जनहित में अत्यंत उपयोगी कदम है।

महापौर ने विधिवत फीता काटकर एवं पूजन-अर्चन के साथ वाटर कूलर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम केवल आधारभूत सुविधाओं के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। भीषण गर्मी में स्वच्छ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता आमजन की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है, जिसे पूरा करने के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि धार्मिक स्थलों, प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक परिसरों तथा अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए शहर में चरणबद्ध तरीके से 15 नए वाटर कूलर स्थापित किए जाएंगे। इससे गर्मी के मौसम में लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में सुभाष चंद्र वैश्य, तीर्थराज पाण्डेय, यश विक्रम त्रिपाठी, राघवेंद्र कुशवाहा, भारत निषाद, राहुल सिंह राणा, राहुल कुशवाहा, नितिन दूबे, राजवाह पाठक, महाप्रबंधक (जल कल) संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता संदीप उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में महापौर ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज स्वच्छता, पेयजल, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा, ताकि प्रयागराज को एक स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल