home page

पर्यावरण संरक्षण में सभी की भागीदारी जरूरी : गणेश केसरवानी

 | 
पर्यावरण संरक्षण में सभी की भागीदारी जरूरी : गणेश केसरवानी


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम में पाैधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

प्रयागराज, 04 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उक्त बातें गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम प्रांगण में आयोजित वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने कही।

उन्होंने सभी पार्षदों और नागरिकों से अपील की कि विश्व पर्यावरण दिवस और मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम प्रांगण में महापौर गणेश केसरवानी के नेतृत्व में गोष्ठी, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्षदों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण तथा “मां के नाम एक वृक्ष” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ हुआ। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियानों पर विस्तार से चर्चा की गई।

गोष्ठी के उपरांत नगर निगम परिसर में महापौर एवं पार्षदों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर केक काटकर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। महापौर ने सभी पार्षदों को पांच-पांच पौधे वितरित करते हुए अपने-अपने वार्डों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पार्षद अनूप पासी, शिव भारतीय, शिव नारायण यादव, पंकज जायसवाल, मयंक यादव, विश्वास रावत, किरण जायसवाल, सुनीता चोपड़ा, शिव सेवक सिंह पटेल, दुर्गेश नंदिनी, सारिका भारद्वाज, श्याम प्रकाश पांडे, श्याम दिला, बलराज पटेल, सियाराम मौर्य, बबलू रघुवंशी, गोल्फिरोज सहित अनेक पार्षद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा जनभागीदारी से ही स्वच्छ, हरित और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल