home page

माघ मेले की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 15 दिसंबर तक सभी विभाग दें कार्ययोजना : डॉ लोकेश एम

 | 
माघ मेले की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 15 दिसंबर तक सभी विभाग दें कार्ययोजना : डॉ लोकेश एम


माघ मेले की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 15 दिसंबर तक सभी विभाग दें कार्ययोजना : डॉ लोकेश एम


चार दिसंबर को होगा गंगा पूजन, सिक्स लेन पुल की तीन लेन 15 दिसंबर तक यातायात के लिए होंगी तैयार

प्रयागराज, 27 नवंबर (हि.स.)। माघ मेला-2027 की तैयारियों में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और निर्धारित समयसीमा में निर्माण एवं व्यवस्थाओं को पूरा कराएं। सभी विभाग 15 दिसंबर तक समय-सारिणी सहित अपनी विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करें। यह निर्देश शुक्रवार को मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने मेला क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और कल्पवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। मंडलायुक्त के निर्देश पर आगामी चार दिसंबर को गंगा पूजन का आयोजन किया जाएगा।

मंडलायुक्त ने मेला अधिकारी ऋषिराज और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। सबसे पहले सेक्टर एक में महावीर पोंटून पुल के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी लेकर जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद संगम नोज और गंगा पट्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने जहां भी गंदगी मिली, वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। घाटों पर बोरियां लगवाने तथा श्रद्धालुओं की ओर से छोड़े जाने वाले फूल और दीपकों की नियमित सफाई कराने को कहा। संगम क्षेत्र में विद्युत पोल लगाने के कार्य का भी निरीक्षण किया और बिजली व्यवस्था की सुरक्षा के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली।

जलस्तर घटने पर शुरू होगा घाटों का निर्माण

मंडलायुक्त ने अधिकारियों के साथ नाव से मेला क्षेत्र के अन्य हिस्सों, झूंसी और यमुना पट्टी पर हो रहे भूमि समतलीकरण के कार्यों का जायजा लिया। गंगा और यमुना के जलस्तर की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि जलस्तर कम होने के साथ ही परिस्थितियों के अनुसार घाटों का निर्माण शुरू कराया जाए। सभी विभाग अपनी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

सिक्स लेन पुल की तीन लेन 15 दिसंबर तक खुलेंगी

इसके बाद मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ सिक्स लेन पुल के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि मलाका से स्टेनली रोड की ओर आने वाले पुल की दाहिनी तरफ की तीन लेन 15 दिसंबर तक यातायात के लिए तैयार कर दी जाएंगी। इससे माघ मेले के दौरान लखनऊ, प्रतापगढ़ और अयोध्या से प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर और मेला क्षेत्र में यातायात का दबाव भी कम होगा।

मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें और आपसी समन्वय से तय समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी करें, ताकि माघ मेला-2027 में श्रद्धालुओं और कल्पवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल