home page

भीषण गर्मी में मदद फाउंडेशन का संकल्प, शहर भर में उपलब्ध होगा मुफ्त पानी

 | 
भीषण गर्मी में मदद फाउंडेशन का संकल्प, शहर भर में उपलब्ध होगा मुफ्त पानी


प्रयागराज, 30 मार्च (हि.स.)। भीषण गर्मी के मद्देनज़र शहर में शुद्ध पेयजल की समस्या को देखते हुए मदद फाउंडेशन निःशुल्क वाटर कूलर एवं पानी की टंकियां स्थापित करने की पहल शुरू की है।

संस्था ने इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, चौराहों एवं निराश्रितों के ठहरने वाले स्थानों पर मुफ्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

संस्था की टीम ने संरक्षक दिनेश तिवारी एवं संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में सोमवार को प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी को ज्ञापन सौंपा। प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

संस्था ने बताया कि वर्ष 2025 में भी मदद फाउंडेशन के प्रयासों से प्रयागराज के कई प्रमुख स्थानों पर पानी की टंकियां एवं वाटर कूलर स्थापित किए गए थे, जिससे बड़ी संख्या में जरूरतमंदों, निराश्रितों एवं आम नागरिकों को राहत मिली थी। फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था द्वारा “रविवार की रसोई” अभियान के तहत फुटपाथों पर रहने वाले जरूरतमंद लोगों को घर का बना भोजन, स्वच्छ पानी, दवाइयां, कपड़े एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी, संरक्षक दिनेश तिवारी, जिलाध्यक्ष प्रयागराज अरविंद पांडेय, बुंदेलखंड प्रभारी विवेक मिश्र सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे। संस्था ने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि भीषण गर्मी में अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल