मां मसुरियन और मां दक्खिनी का 28 नवम्बर को होगा भव्य श्रृंगार-पूजन, एक माह तक चलेगा मेला
50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
प्रयागराज, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बारा तहसील के इमिलियन गांव स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मां मसुरियन एवं मां दक्खिनी देवी मंदिर में 28 नवंबर को पंचमी के अवसर पर भव्य श्रृंगार और पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही एक माह तक चलने वाले मेले का शुभारंभ होगा। आयोजन में प्रयागराज सहित आसपास के जनपदों और दूसरे प्रदेशों से 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
प्रयागराज शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित इस प्राचीन मंदिर में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए आयोजक एवं श्रृंगारकर्ता राजू सोनकर ने प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, बिजली, ठहरने और चिकित्सा की व्यवस्था कराई जाए। महिलाओं के लिए अलग से स्वच्छ शौचालय बनाए जाएं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी लोग सुविधापूर्वक दर्शन-पूजन कर सकें।
राजू सोनकर ने प्रशासन से अपील की कि एक माह तक चलने वाले मेले को देखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करा ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

