नेपाल आपदा राहत के लिए लायंस क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन ने की दो लाख अमेरिकी डॉलर की तत्काल सहायता की घोषणा
प्रयागराज, 28 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में आई विनाशकारी प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए लायंस क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन (एलसीआईएफ) ने तत्काल दो लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग दो करोड़ रुपये) की प्रारंभिक सहायता देने की घोषणा की है। यह राशि नेपाल में चलाए जा रहे बाढ़ राहत अभियान के तहत प्रभावित लोगों तक दवाएं, तंबू और राशन पहुंचाने के साथ ही स्कूल, अस्पताल और पुलों के पुनर्निर्माण में खर्च की जाएगी।
नेपाल में भारी जनहानि और संपत्ति के नुकसान को देखते हुए लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 ई के मंडलाध्यक्ष उदय चंदानी की अध्यक्षता में उनके आवास पर आवश्यक बैठक हुई।
बैठक में सदस्यों ने आपदा में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मंडलाध्यक्ष उदय चंदानी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुई भारी जनहानि पूरी मानवता के लिए कठिन चुनौती है। ऐसे समय में पीड़ितों की मदद करना और उनके पुनर्वास में सहयोग देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने एलसीआईएफ की इस मानवीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता करना लायंस आंदोलन की मूल भावना है। दुनिया के किसी भी हिस्से में प्राकृतिक आपदा आने पर संगठन भौगोलिक सीमाओं से ऊपर उठकर राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के कार्यों में सहयोग करता है। तुर्की में आए भूकंप, अमेरिका में आए तूफान और भारत में आई बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान भी लायंस क्लब ने राहत कार्यों में योगदान दिया है।
संकट के समय जरूरतमंदों तक पहुंचाना वास्तविक सहायता : उदय चंदानी
लायन उदय चंदानी ने कहा कि लायंस क्लब केवल सेवा का संकल्प लेने वाला संगठन नहीं है, बल्कि संकट के समय जरूरतमंद लोगों तक वास्तविक सहायता पहुंचाने वाला वैश्विक संगठन है। नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए एलसीआईएफ की सहायता मानवीय संवेदना और सेवा की उत्कृष्ट मिसाल है।
उन्होंने देशवासियों से भी अपील की कि नेपाल में आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपनी सामर्थ्य के अनुसार अधिक से अधिक सहयोग करें। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में छोटी-सी सहायता भी किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत बन सकती है।
बैठक में उपमंडलाध्यक्ष उमेश चंद्र कक्कड़, कोषाध्यक्ष सतीश टंडन, मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल, कैबिनेट सचिव राकेश मोहन बालाजी, पीआरओ बृजेंद्र वाजपेयी, मेयर अजय अवस्थी सहित पूरी कैबिनेट के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों के शीघ्र राहत और पुनर्वा
स की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

