कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए : गणेश केसरवानी
घाटों और शिवालयों का किया निरीक्षण, सीवर लीकेज, जलभराव, सफाई और प्रकाश व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश
प्रयागराज, 27 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सोमवार को महापौर गणेश केसरवानी ने नगर निगम अधिकारियों के साथ प्रमुख घाटों और शिवालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण शुरू होने से पहले सभी घाटों और शिव मंदिरों पर सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने दशाश्वमेध घाट जाने वाले मार्ग पर गंगा रिवर फ्रंट से नागवासुकी मंदिर तक कई स्थानों पर सीवर लीकेज, क्षतिग्रस्त सड़क और नीचे धंसे सीवर ढक्कनों को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने इन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान घाट पर बने चेंजिंग रूम को छोटा पाए जाने पर उसे बेहतर बनाने तथा उस पर स्वच्छता संबंधी संदेश अंकित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर आई-कैट, बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
महापौर ने निरंजनी अखाड़ा के पास नए रेलवे पुल के नीचे जलभराव की समस्या का भी निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कांवड़ियों का प्रमुख मार्ग है। इस पर महापौर ने पानी की निकासी तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मनकामेश्वर मंदिर के पास जाम नाली को तुरंत साफ कराने, पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स को नगर निगम के माध्यम से शीघ्र चालू कराने तथा पूरे श्रावण मास नियमित सफाई और निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। इसके अलावा गंगा रिवर फ्रंट से जुड़ने वाली एक गली में इंटरलॉकिंग और सीढ़ियों के निर्माण के आदेश भी दिए गए।
महापौर गणेश केसरवानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास से पहले सभी शिवालयों और घाटों के आसपास पेड़ों की छंटाई, कूड़ा निस्तारण, कीटनाशक का छिड़काव, सीवर और नालियों की सफाई, टूटे सीवर ढक्कनों का बदलना, मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई पूरी कर ली जाए। उन्होंने घाटों पर अस्थायी चेंजिंग रूम, शौचालय, शुद्ध पेयजल, बालू की बोरियां और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि श्रावण मास में प्रयागराज आने वाले प्रत्येक कांवड़िये और श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

