home page

शीतल की सफलता से विद्या भारती का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन : डॉ. राकेश कुमार सिंह

 | 
शीतल की सफलता से विद्या भारती का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन : डॉ. राकेश कुमार सिंह


शीतल की सफलता से विद्या भारती का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन : डॉ. राकेश कुमार सिंह


37वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में ज्वाला देवी की छात्रा ने जीता स्वर्ण पदक

प्रयागराज, 18 सितंबर (हि.स.)। ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस की छात्रा त्रिगुणात्मिका शीतल शुक्ला ने 37वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तरुण वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि शीतल ने अपनी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल विद्या भारती काशी प्रांत, बल्कि विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

शीतल की इस उपलब्धि पर विद्यालय की वंदना सभा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. राकेश कुमार सिंह ने विजेता छात्रा को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शीतल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में पढ़ाई के साथ खेलकूद की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। छात्र-छात्राओं को शीतल से प्रेरणा लेकर शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर विद्यार्थी विभिन्न खेलों में अपनी पहचान बना सकते हैं।

विद्यालय परिवार ने शीतल की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। सम्मान समारोह में विद्यालय के सभी आचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल