home page

मलिन बस्ती के बच्चों संग फूलों और प्राकृतिक रंगों से मनी होली

 | 
मलिन बस्ती के बच्चों संग फूलों और प्राकृतिक रंगों से मनी होली


मलिन बस्ती के बच्चों संग फूलों और प्राकृतिक रंगों से मनी होली


प्रयागराज, 01 मार्च (हि.स.)। नगर निगम प्रयागराज द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता के उद्देश्य से शहर की एक मलिन बस्ती में अनूठी एवं प्रेरणादायक होली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तिरंगा पार्क में निशुल्क शिक्षा के लिए कार्यरत संस्था “शुरुआत एक ज्योति शिक्षा” (एनजीओ) के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मलिन बस्ती के बच्चों ने फूलों और स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए प्राकृतिक रंगों—जैसे पलाश और चुकंदर—से होली खेली। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए रासायनिक रंगों से दूर रहने का संकल्प लिया।

बताया गया कि ये सभी बच्चे नगर निगम के 120 स्वच्छ सारथी क्लबों में से एक क्लब से जुड़े हुए हैं। बच्चों ने पर्यावरण के अनुकूल होली मनाने के साथ यह शपथ भी ली कि वे स्वयं केमिकल युक्त रंगों का उपयोग नहीं करेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

इस अवसर पर आईईसी हेड कृष्ण कुमार मौर्य ने उपस्थित लोगों से स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित होली मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक रंगों का उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में पुलिस मित्र आशीष, शुरुआत संस्था के निदेशक अभिषेक शुक्ला, मंगला, आईईसी टीम, श्रृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विस इंदौर के प्रतिनिधि तथा शहर के समाजसेवी उपस्थित रहे।

नगर निगम प्रयागराज द्वारा इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सतत प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल