home page

बाबा नीब करौरी के विचार सेवा और मानवता की देते हैं प्रेरणा : नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी

 | 
बाबा नीब करौरी के विचार सेवा और मानवता की देते हैं प्रेरणा : नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी


बाबा नीब करौरी के विचार सेवा और मानवता की देते हैं प्रेरणा : नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी


हनुमान अंश’ के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंच रहा आध्यात्मिक जीवन और मानव सेवा का संदेश, दो दिन में 8,910 लोगों ने देखी फिल्म

प्रयागराज, 18 सितंबर (हि.स.)। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन लोगों को जरूरतमंदों की सेवा, दूसरों की मदद और मानवता के प्रति संवेदनशील रहने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके आध्यात्मिक जीवन और संदेशों को फिल्म के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास महत्वपूर्ण है। यह बातें शुक्रवार काे उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री नन्दी की ओर से 17 से 20 सितंबर तक पीवीआर सिनेमा हॉल में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों और पन्ना प्रमुखों को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ निशुल्क दिखाई जा रही है। 17 और 18 सितंबर को दो दिनों में 8,910 लोगों ने फिल्म देखी। मंत्री नन्दी और प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने सपरिवार फिल्म देखने पहुंचे लोगों का स्वागत किया।

फिल्म देखने के दौरान कई दर्शक भावुक नजर आए। सिनेमा हॉल में ‘सीताराम-सीताराम’ के जयकारे भी गूंजे। बाबा नीब करौरी के जीवन, सादगी, सेवा, करुणा और मानव कल्याण से जुड़े प्रसंगों को फिल्म में कहानी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

मंत्री नन्दी ने कहा कि आज के समय में सिनेमा लोगों तक विचार और संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। बाबा नीब करौरी महाराज के विचारों और उनके आध्यात्मिक जीवन को फिल्म के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने से युवाओं को भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और मानव सेवा के मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।

फिल्म देखने पहुंचे लोगों ने भी प्रस्तुति के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। दर्शकों के अनुसार बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन से जुड़े सेवा, सादगी और मानवता के प्रसंग उन्हें प्रभावित कर रहे हैं।

बाबा नीब करौरी महाराज को हनुमान जी का अनन्य भक्त माना जाता है। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भवाली के पास स्थित कैंची धाम उनके प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों में से एक है। ‘हनुमान अंश’ में उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों और विचारों को प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल