home page

प्रयागराज: दो दिन से गायब मजदूर मृत मिला

 | 
प्रयागराज: दो दिन से गायब मजदूर मृत मिला


प्रयागराज, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में कटघर के समीप एक लोहा कारोबारी की दुकान के पास एक मजदूर का शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बिहार के कैमूर जिले के भभुआ फारूकी नगर वार्ड नंबर-13 निवासी रियाजउद्दीन फारूकी (44) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद हनीफ प्रयागराज के कटघर क्षेत्र में लोहा कारोबारी मुन्ना केसरवानी की दुकान पर मजदूरी करता था। शुक्रवार को उसका शव दुकान के पास पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

मृतक के परिजनों के मुताबिक वह पिछले दो दिनों से लापता था। परिवार वालों को फोन पर बताया गया था कि वह अपना पैसा लेकर यहां से चला गया है। हालांकि शुक्रवार को उसका शव मिलने से परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल