home page

मोदी-योगी सरकार में अल्पसंख्यक समाज को मिला समान लाभ, नहीं हुआ भेदभाव : फहद जमाल यासिर

 | 
मोदी-योगी सरकार में अल्पसंख्यक समाज को मिला समान लाभ, नहीं हुआ भेदभाव : फहद जमाल यासिर


मोदी-योगी सरकार में अल्पसंख्यक समाज को मिला समान लाभ, नहीं हुआ भेदभाव : फहद जमाल यासिर


न कुआं है, न खाई है, मोदी और योगी हमारे भाई हैं’, कांग्रेस और सपा की राजनीति का जवाब कमल खिलाकर देंगे

प्रयागराज, 05 नवंबर (हि.स.)। मोदी और योगी सरकार में अल्पसंख्यक समाज को भी अन्य वर्गों की तरह सरकारी योजनाओं का समान लाभ मिला है। सरकार ने किसी के साथ धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया। कांग्रेस, सपा और बसपा ने अब तक अल्पसंख्यक समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है, लेकिन अब समाज के लोग उनकी राजनीतिक मंशा समझ चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं। यह बातें भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त काशी क्षेत्र अध्यक्ष फहद जमाल यासिर ने कहीं।

वह प्रथम बार प्रयागराज आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। काशी क्षेत्र अल्पसंख्यक मोर्चा के मंत्री सैफुल अब्बास के नेतृत्व में सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय और तुलसियानी स्क्वायर में उनका भव्य स्वागत किया गया।

फहद जमाल यासिर ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा की राजनीति जातिवाद, परिवारवाद और संप्रदायवाद पर आधारित रही है। ये दल अल्पसंख्यक समाज को वोट बैंक समझकर उसका राजनीतिक इस्तेमाल करते रहे हैं, लेकिन अब समाज के लोग इनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज का नारा है- ‘न कुआं है, न खाई है, मोदी और योगी हमारे भाई हैं।’

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि विपक्षी दल चुनाव के समय तरह-तरह के राजनीतिक हथकंडे अपनाएंगे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता उनकी कोशिशों को सफल नहीं होने देंगे। उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करना होगा। कांग्रेस और सपा की अराजकता का जवाब कमल खिलाकर दिया जाएगा।

उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेता डूबती हुई नाव पर सवार हैं। लगातार चुनावी हार के बाद कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि जनता ने ही उनके नेतृत्व पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोकतंत्र की आड़ में अराजकता फैलाने की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा इसके लिए संकल्पित है।

इस अवसर पर काशी क्षेत्र के मंत्री सैफुल अब्बास ने नवनियुक्त अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। स्वागत करने वालों में भाजपा नेता राजेश केसरवानी, सुशील जैन, अजय अग्रहरि, मोहम्मद असलम, ऐनुल, नूरैन अहमद, हाजी मन्ने खान, मोहम्मद इदरीश, अनवर हाशमी, तैजब अंसारी, गुलाब अहमद, सिपाही लाल यादव और अख्तर राइन सहित अल्पसंख्यक मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल