मुविवि के बीएड और बीएड विशेष शिक्षा प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित
बीएड में मुजफ्फरनगर की मेघा सिंह और बीएड विशेष शिक्षा में अतुल कुमार रहे प्रथम
प्रयागराज, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (मुविवि), प्रयागराज की सत्र 2026-27 की बीएड एवं बीएड विशेष शिक्षा प्रवेश परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। विश्वविद्यालय ने परिणाम अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकते हैं।
प्रवेश परीक्षा 7 अगस्त 2026 को प्रदेश के 10 जिलों में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई थी। विश्वविद्यालय ने निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा परिणाम जारी कर दिया।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. जीके द्विवेदी ने बताया कि बीएड प्रवेश परीक्षा में मुजफ्फरनगर की मेघा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बीएड विशेष शिक्षा की प्रवेश परीक्षा में मुजफ्फरनगर के अतुल कुमार मेरिट सूची में प्रथम रहे।
10 जिलों में हुई थी परीक्षा
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश परीक्षा प्रदेश के आगरा, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, वाराणसी और प्रयागराज में आयोजित की गई थी। दोनों पाठ्यक्रमों के परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए जल्द ही काउंसलिंग की तिथि निर्धारित की जाएगी। इसकी सूचना सफल अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की ओर से दी जाएगी।
समय से पहले जारी हुआ परिणाम
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चन्द्र मिश्र ने कहा, विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय से पहले ही बीएड और बीएड विशेष शिक्षा प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परिणाम वेबसाइट पर उपलब्ध है। अब प्रवेश प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाते हुए काउंसलिंग की तिथि घोषित की जाएगी, ताकि सफल अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करना पड़े।”
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

