home page

ईद-उल-फितर पर प्रयागराज शहर में दिखा आस्था, उत्साह और भाईचारे का नजारा

 | 
ईद-उल-फितर पर प्रयागराज शहर में दिखा आस्था, उत्साह और भाईचारे का नजारा


प्रयागराज, 21 मार्च (हि.स.)। उप्र के प्रयागराज जिले में ईद-उल-फितर के अवसर पर शनिवार को शहर में आस्था, उत्साह और भाईचारे का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर के रामबाग स्थित ईदगाह समेत विभिन्न मस्जिदों में लाखों नमाज़ियों ने एक साथ नमाज़ अदा कर देश और शहर में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। भारी भीड़ को देखते हुए नमाज़ दो शिफ्टों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

शनिवार सुबह लगभग 6:30 बजे रामबाग ईदगाह सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज़ अदा की गई। खानकाहे मस्जिद दायराशाह अजमल में पूर्वाह्न 10:30 बजे अंतिम नमाज़ अदा की गई। नमाज़ के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने काली पट्टी बांधकर नमाज़ अदा की। स्थानीय लोगों के अनुसार यह काली पट्टी ईरान के खामेनेई की मौत पर शोक में बांधी गई। इस दौरान कई लोगों ने सादगी के साथ पुराने कपड़ों में ही नमाज़ अदा कर शोक व्यक्त किया।

ईद की नमाज़ से पहले मुस्लिम समाज के लोगों ने गरीबों को फितरा दिया तथा नमाज़ के बाद जकात भी जरूरतमंदों में वितरित की। इसके पीछे उद्देश्य यह रहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवार भी खुशी और सम्मान के साथ ईद का त्योहार मना सकें। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति का संदेश दिया। शहर के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस-प्रशासन की निगरानी में पूरे जिले में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल