यमुना नदी में डूबने से किशोर की मौत, शव बरामद
प्रयागराज, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के बलुआघाट पर रविवार को यमुना में स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों तथा स्थानीय नाविकों की मदद से देर शाम किशोर का शव नदी से बाहर निकालने में कामयाबी मिल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि नगर के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी क्षेत्र के निवासी वैभव केसरवानी (15) पुत्र सिरपी केसरवानी रविवार को अपने तीन दोस्तों के साथ बलुआघाट पर स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया। हालांकि देर शाम वैभव का शव नदी से बरामद कर लिया गया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि वैभव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और घर से भंडारे में जाने की बात कहकर निकला था।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

