युवा उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता : मनीष कुमार वर्मा
एमएसएमई दिवस पर 215 लाभार्थियों को 19.25 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत, टूलकिट और प्रतीकात्मक चेक वितरित
प्रयागराज, 27 जून (हि.स.)। सरकार का उद्देश्य युवाओं और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है। उक्त बातें शनिवार को संगम सभागार में जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को संबोधित करते हुए प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहीं।
उन्होंने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ लेकर अपने उद्यम को आगे बढ़ाएं और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक एवं टूलकिट वितरित किए। इस अवसर पर विभिन्न बैंकों की ओर से 215 लाभार्थियों को लगभग 19.25 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत सुनीता देवी, अविनाश यादव, उत्कर्ष चौरसिया, सर्वेश शुक्ला, निखिल आदर्श, आकांक्षा श्रीवास्तव तथा एमएसएमई योजना के अंतर्गत संजय सिंह को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों को सिलाई मशीन, सोनार एवं राजमिस्त्री टूलकिट वितरित किए गए। ओडीओपी योजना के अंतर्गत भी कई लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान कर उनके स्वरोजगार को बढ़ावा दिया गया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त उद्योग उमेश चंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

