संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
प्रयागराज, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कैंट थाना क्षेत्र के मऊकछार अशोक नगर मोहल्ले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में गुरुवार को मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र के अशोक नगर मऊकछार निवासी किरन चौधरी (33) पत्नी प्रियांशु तिवारी की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

