home page

दशहरे पर शानदार रोशनी से जगमगाएगा मुट्ठीगंज चौराहा, 50 फीट का भव्य द्वार बनेगा आकर्षण

 | 
दशहरे पर शानदार रोशनी से जगमगाएगा मुट्ठीगंज चौराहा, 50 फीट का भव्य द्वार बनेगा आकर्षण


-तीन दिनों तक प्राचीन और आधुनिक डिजिटल लाइटिंग से सजेगा मुट्ठीगंज, भगवान श्रीराम के प्रसंगों का होगा चित्रण

प्रयागराज, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दशहरे के अवसर पर मुट्ठीगंज चौराहा और उसके चारों मार्ग शानदार रोशनी से जगमगाएंगे। 19, 20 और 21 अक्टूबर को तीन दिवसीय दशहरा रोशनी उत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुट्ठीगंज की विभिन्न रोशनी कमेटियां प्राचीन और आधुनिक डिजिटल लाइटिंग के माध्यम से पूरे क्षेत्र को सजाएंगी। वहीं, चौराहे पर बनाया जाने वाला 50 फीट ऊंचा भव्य रोशनी द्वार भगवान श्रीराम के प्राचीन एवं महत्वपूर्ण प्रसंगों के चित्रण के साथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा।

दशहरे की रोशनी की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गयी। उसकी अध्यक्षता न्यू बाल संघ रोशनी कमेटी के अध्यक्ष उमेश चंद्र केसरवानी दादा ने की। रमेश चंद्र केसरवानी ने बताया कि मुट्ठीगंज चौराहा दशहरे की शान है। इसकी भव्यता और आकर्षण बढ़ाने के लिए हर वर्ष शानदार रोशनी की व्यवस्था की जाती है। इस बार भी चौराहे के चारों ओर की रोशनी कमेटियां मिलकर विशेष सजावट करेंगी। प्राचीन और आधुनिक डिजिटल लाइटिंग के अनूठे संयोजन से दशहरे की रौनक को और खूबसूरत बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुट्ठीगंज चौराहे पर 50 फीट ऊंचा भव्य लाइटिंग द्वार तैयार किया जाएगा। इस द्वार पर भगवान श्रीराम के प्राचीन और महत्वपूर्ण प्रसंगों का चित्रण किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के साथ ही भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की झलक भी प्रस्तुत करेगा।

कमेटी के मंत्री राजेश केसरवानी ने शनिवार को बताया कि नवमी, दशमी और एकादशी के अवसर पर 19, 20 और 21 अक्टूबर को मुट्ठीगंज के चारों मार्गों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई है। इसके लिए न्यू बाल संघ रोशनी कमेटी, सहयोग व्यापार मंडल रोशनी कमेटी, बाल संघ रोशनी कमेटी तथा मुट्ठीगंज रोशनी कमेटी और गोलघर व्यापार मंडल रोशनी कमेटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी कमेटियां मिलकर आयोजन को भव्य और यादगार बनाने में जुटी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल