कुपोषण को पीछे छोड़ स्वस्थ जीवन की ओर बढ़े बच्चों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की बड़ी भूमिका : नंदी
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
प्रयागराज, 08 सितंबर (हि.स.)। बड़ी संख्या में बच्चों ने कुपोषण को पीछे छोड़कर स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाया है। इन बच्चों की सेवा, देखभाल और उन्हें सामान्य पोषण स्थिति में लाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह बातें मंगलवार को औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने राजश्री मंडपम में आयोजित सम्मान समारोह में कहीं।
मंत्री नंदी बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार तथा महिला कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सैम और मैम श्रेणी से सामान्य पोषण स्थिति प्राप्त करने वाले बच्चों, उनके माता-पिता तथा संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिला कल्याण विभाग के अधीन संचालित राजकीय गृहों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और अधीक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया। मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मंत्री नंदी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने बड़ी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है, जिसका सकारात्मक असर धरातल पर दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री की प्रेरणा और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों, उनके अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का सम्मान किया जा रहा है।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आंगनबाड़ी केंद्र अब केवल पोषण वितरण के केंद्र नहीं हैं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास, गर्भवती और धात्री महिलाओं की देखभाल तथा सामाजिक जागरूकता के प्रभावी केंद्र बन चुके हैं।
मंत्री ने नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा शिक्षा को बेहतर बनाने में उनका योगदान सराहनीय है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन देखा और सुना।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार और बच्चों के प्रारंभिक विकास में उनकी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने नव नियुक्त कार्यकत्रियों और सहायिकाओं से ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह ने बताया कि जनपद में आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पोषण ट्रैकर, बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की निगरानी तथा पोषण अभियान से जुड़ी गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों को पोषण किट, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र तथा महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जनपद में 20 सैम/मैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में परिवर्तित बच्चों के अभिभावकों और संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का 6 हजार रुपये किया गया है। इसके अलावा पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क कैशलेस चिकित्सा सुविधा, देय धनराशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराकर व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
प्रयागराज में 22 परियोजनाओं के माध्यम से 4499 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनके माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों और किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक बाल देखभाल की समेकित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनपद की आठ तहसीलों के विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में 115 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, परियोजना निदेशक भूपेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी, बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

