बेटियों का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण ही मां दुर्गा की आराधना का सार : नन्दी
मंत्री नन्दी और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने सपरिवार किया कन्या पूजन, कन्याओं के चरण पखारकर लिया आशीर्वाद
प्रयागराज, 19 अक्टूबर (हि.स.)। बेटियों का सम्मान, उनकी सुरक्षा, शिक्षा और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देना हम सभी का दायित्व है। मां दुर्गा की आराधना तभी सार्थक होगी, जब हम अपने जीवन में नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण के संकल्प को आत्मसात करेंगे। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सोमवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी पर बहादुरगंज स्थित अपने आवास पर कन्या पूजन के दौरान कहीं।
मंत्री नन्दी और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने सपरिवार मां आदिशक्ति की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नौ दिनों तक चले अखंड व्रत का संकल्प पूर्ण करते हुए हवन-पूजन किया और कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंत्री और पूर्व महापौर ने कन्याओं के चरण पखारे, उन्हें तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद अपने हाथों से भोजन परोसकर उन्हें प्रसाद ग्रहण कराया। कन्याओं को उपहार और दक्षिणा भी भेंट की गई।
मंत्री नन्दी ने कहा कि बेटियां सुख, समृद्धि और प्रगति का आधार हैं। कन्या पूजन भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का प्रतीक है, जिसमें नारी को शक्ति, सृजन और सम्मान का स्वरूप माना गया है। यह केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि बेटियों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और उनके महत्व को स्वीकार करने का संदेश भी है।
उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्र मां आदिशक्ति की आराधना का पावन पर्व है। नवरात्र के नौ दिन जगत जननी मां दुर्गा को समर्पित होते हैं। भारतीय संस्कृति में कुमारी कन्याओं को साक्षात देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है।
मंत्री ने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, प्रशासन और सामाजिक जीवन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। बेटियों को सम्मान देने के साथ उनकी शिक्षा, सुरक्षा और उन्नति के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना जरूरी है। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

