गुरु ही ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के मार्गदर्शक : मंत्री नन्दी
गुरु पूर्णिमा पर मंत्री नन्दी ने प्राचीन मंदिरों में पूजन-अर्चन कर संतों का लिया आशीर्वाद, समाज में सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का किया आह्वान
प्रयागराज, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के मार्गदर्शक होते हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। यह बातें बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि वेदव्यास जयंती के अवसर पर कहीं। उन्होंने शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्राचीन मंदिरों में भगवान भोलेनाथ समेत देवी-देवताओं का विधिवत पूजन-अर्चन किया और संत-महंतों का आशीर्वाद लिया।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से महर्षि वेदव्यास जयंती एवं गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशभर में संत सम्मान एवं वंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में मंत्री नन्दी ने शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मंदिरों में पहुंचकर संतों और महंतों का सम्मान किया। उन्होंने संतजनों को चंदन लगाकर, आरती उतारकर और फूलों की माला पहनाकर नमन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंत्री नन्दी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति की महान गुरु परम्परा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। गुरु केवल शिक्षा देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और परम्पराओं को मजबूत करने के लिए गुरुजनों और संतों के मार्गदर्शन का विशेष महत्व है। इस अवसर पर समाज में सद्भाव, राष्ट्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
विवेकानन्द मार्ग, हिवेट रोड स्थित श्रीराम मंदिर में मंत्री नन्दी ने प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद देवाधिदेव महादेव की विधिवत पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। उन्होंने मंदिर के पुजारी विनय कुमार पाण्डेय उर्फ सन्नो महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
यमुना नदी के किनारे कैंट रोड स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मनकामेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन कर मंदिर के महंत ब्रह्मचारी धरानन्द महाराज का आशीर्वाद लिया। कीडगंज स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी की पूजा-अर्चना कर महंत शंकर लाल सोनी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
बड़ा शिवाला, दरियाबाद स्थित तक्षकेश्वर तीर्थ मंदिर में देवाधिदेव महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। यहां आचार्य रविशंकर महाराज का आशीर्वाद लिया। बलुआघाट बारादरी स्थित राम जानकी मंदिर में प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी के दर्शन कर पूज्य महाराज महात्मादास महात्यागी का आशीर्वाद प्राप्त किया। करेलाबाग स्थित हनुमान मंदिर कुष्ठ सेवा आश्रम में महाबली हनुमान जी का दर्शन-पूजन कर संत महाराज का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अनिल कुमार केसरवानी, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष परमानन्द वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष किशोरी लाल जायसवाल, सेक्टर संयोजक राजा निषाद एवं वीरेन्द्र निषाद, सुभाष बाजपेयी, कीडगंज मंडल अध्यक्ष कबीर जायसवाल, सेक्टर संयोजक रमेश केसरवानी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेन्द्र मिश्रा, भाजपा महानगर पूर्व महामंत्री नवरत्न कत्याल, चौक मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार वैश्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा, सेक्टर संयोजक अविनाश त्रिपाठी, मंडल महामंत्री मनमोहन मिश्रा, रामजी हेला, मुकेश श्रीवास्तव, योगेश चौरसिया और मीना गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

