नाट्य मंचन के जरिए दिखाई जाएगी पीएम माेदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा : राजेश शुक्ल
यमुनापार की चारों विधानसभाओं में 20 से 27 सितंबर तक होंगे 32 नाट्य कार्यक्रम
प्रयागराज, 20 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को नाट्य मंचन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। यह जानकारी रविवार को मीडिया से प्रयागराज के भाजपा यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने दी।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत यमुनापार की बारा, करछना, मेजा और कोरांव विधानसभा क्षेत्रों में 20 से 27 सितंबर तक कुल 32 नाट्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रविवार को रामपुर स्थित भाजपा कैंप कार्यालय में पत्रकार वार्ता में राजेश शुक्ल ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सात नुक्कड़ नाटक और एक भव्य नाट्य प्रस्तुति होगी। इनमें संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नाटकों में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल तक की यात्रा से जुड़े प्रसंग शामिल किए जाएंगे। सेवा, समर्पण, जनकल्याण और सुशासन से जुड़े विषयों को सरल भाषा और प्रभावी अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास होगा।
311 शक्ति केंद्रों और 1615 बूथों तक पहुंचेगा अभियान
राजेश शुक्ल ने बताया कि कार्यक्रमों के माध्यम से यमुनापार के 311 शक्ति केंद्रों और 1615 बूथों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित कर लोगों से संवाद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तुतियों में सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। नाटक के माध्यम से लोगों तक विभिन्न जनकल्याणकारी प्रयासों और उनसे जुड़े प्रसंगों की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। डीहा बाजार से शुरू हुआ मंचनअभियान के पहले दिन डीहा बाजार में बबलू सिंह, अनन्या पांडेय सहित कलाकारों की टीम ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसमें गुजरात भूकंप के दौरान राहत एवं पुनर्वास, यूपीआई के उपयोग और कोविड-19 के दौरान बचाव एवं सेवा कार्यों से जुड़े प्रसंगों को अभिनय और संवाद के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने किया। जिला संयोजक सविता मिश्र ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला सह मीडिया प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्र, जिला महामंत्री प्रदीप पांडेय, अजय सिंह, आनंद तिवारी, प्रवीण मिश्र, अजीत मिश्र सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

