home page

डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा का अनुपम उदाहरण : संजय गुप्ता

 | 
डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा का अनुपम उदाहरण : संजय गुप्ता


प्रयागराज, 23 जून (हि.स.)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा का अनुपम उदाहरण है। देश की अखंडता और राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्श आज भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। यह बातें मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज महानगर के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भाजपा प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों के समस्त बूथों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। सिविल लाइंस स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर संजय गुप्ता ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने एक विचारधारा और राष्ट्र की एकता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने सत्ता का मोह त्यागकर देश की अखंडता और राष्ट्रीय एकता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। ऐसे महान राष्ट्रनायक के प्रति हम सभी को सदैव कृतज्ञ रहना चाहिए।

कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय, चौक, शिवकुटी, सिविल लाइंस, प्रीतमनगर, नैनी, सदर यमुना पट्टी, सदर गंगा पट्टी, वेणी माधव, भरद्वाज सहित विभिन्न मंडलों के सभी बूथों पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारत माता का सच्चा सपूत बताया।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, कुंज बिहारी मिश्रा, डॉ. शैलेश पांडेय, विजय श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, सुजीत कुशवाहा, आशीष द्विवेदी, पीयूष जायसवाल, अमन पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल