home page

राहुल गांधी को छात्रों के भविष्य से ज्यादा अपने भविष्य की चिंता : नन्दी

 | 
राहुल गांधी को छात्रों के भविष्य से ज्यादा अपने भविष्य की चिंता : नन्दी


प्रयागराज में राहुल गांधी का कार्यक्रम फ्लॉप, युवा उन्हें गंभीरता से नहीं लेते : औद्योगिक विकास मंत्री

प्रयागराज, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज में छात्रों से संवाद कार्यक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को छात्रों के भविष्य की नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता है। प्रयागराज में राहुल गांधी का कार्यक्रम फ्लॉप रहा, जो यह बताता है कि युवा उन्हें गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के कंधे पर सवार होकर सत्ता तक पहुंचने की राहुल गांधी की कोशिश कभी सफल नहीं होगी।

मंत्री नन्दी ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की जिन राज्यों में सरकारें हैं, वहां छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर हो रही परेशानियों को लेकर राहुल गांधी की चुप्पी उनकी कथनी और करनी के अंतर को उजागर करती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री परिवार में जन्म लेने के कारण राहुल गांधी को बचपन से ही प्रधानमंत्री बनने का सपना दिखाया गया। यही सपना अब उनके लिए राजनीतिक कुंठा का कारण बन गया है। नन्दी ने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी का प्रयागराज दौरा अवसरवाद और राजनीतिक दिखावे का उदाहरण है।

औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि विदेशों में पढ़ाई करने वाले राहुल गांधी को प्रयागराज के सलोरी, बघाड़ा और तेलियरगंज जैसे क्षेत्रों में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के संघर्ष की वास्तविक जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं को समझने के बजाय उनके मुद्दों पर राजनीति करना संवेदनहीनता है।

नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित एंटी-पेपर लीक कानून सरकार की इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में पैरवी और सिफारिश के आधार पर नौकरी मिलने के दौर का अंत हो चुका है। युवाओं को उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर अवसर मिल रहे हैं।

नन्दी ने कहा कि प्रयागराज में राहुल गांधी का कार्यक्रम जिस तरह का रहा, उससे स्पष्ट है कि युवा उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। देश का युवा उनके झूठे वादों और भ्रम में आने वाला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनने का सपना केवल सपना बनकर रह जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल