भाजपा के परिश्रमी कार्यकर्ता दिलाएंगे विजयश्री : राकेश त्रिवेदी
प्रयागराज, 22 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। गुरुवार को महानगर प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने कहा कि विपक्ष पूरी तरह बौखलाया हुआ है, जबकि संगठन के परिश्रमी कार्यकर्ता विजयश्री दिलाकर रहेंगे। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सजग, सतर्क और सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया है।
भाजपा जिला मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा ने बताया कि संगठनात्मक दृष्टि से प्रयागराज महानगर के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी 15 मंडलों में कार्यकर्ताओं ने स्नातक मतदाताओं तक पर्चियां पहुंचाई हैं। मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, प्रदेश नेतृत्व की ओर से समन्वयक बनाए गए एमएलसी अनूप गुप्ता, स्नातक चुनाव के सह संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और जिला संयोजक डॉ. शैलेश पांडेय ने सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय सहित विभिन्न मंडलों में बैठकें कीं।
बैठकों में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मतदान की तैयारियों की समीक्षा की गई। पोलिंग बूथों और बूथ प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदाता पर्चियां पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न करने और प्रत्येक मतदाता से संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने जनप्रतिनिधियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदान की व्यवस्था पर नजर रखने की अपील की।
महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने विश्वास जताया कि संगठन के मेहनती कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटकर भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने में सफल होंगे। पार्टी ने मतदान के अंतिम चरण में बूथ स्तर तक समन्वय और सक्रियता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

