home page

सेवा को सर्वोपरि मानकर जनता तक पहुंचें कार्यकर्ता : धर्मेंद्र सिंह

 | 
सेवा को सर्वोपरि मानकर जनता तक पहुंचें कार्यकर्ता : धर्मेंद्र सिंह


सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला में 25 वर्षों के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

प्रयागराज, 06 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल को जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण का प्रतीक बताते हुए एमएलसी एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सेवा को सर्वोपरि मानकर जनता के बीच पहुंचने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता से जुड़े कार्यों को अपना दायित्व मानकर वर्षभर सेवा करता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं से आम नागरिक के जीवन में आए बदलाव को सामने लाना है।

रविवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के प्रभावी संचालन के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर की कार्ययोजना तैयार की गई।

मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को जन-जन तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना, किसान कल्याण योजनाओं, स्टार्टअप और डिजिटल भुगतान जैसी पहल से लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि आज विश्व में भारत का सम्मान और प्रभाव बढ़ा है। कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को आगे बढ़ाते हुए गरीब और वंचित वर्ग के जीवन में बदलाव लाने का कार्य किया है।

उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सबसे पहले ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके माध्यम से बूथ स्तर पर सभी लाभार्थियों के घर पहुंचकर वहां आशीर्वाद का दिया जलाया जाएगा। इसके अलावा कॉलेज स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर चित्र एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और उनकी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘बड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा हेतु अभियान’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दो अक्टूबर को प्रदेश के प्रमुख स्थानों के साथ जिलों में भी नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को प्रस्तुत किया जाएगा। जिला स्तर पर सेवा ज्योति यात्रा भी निकाली जाएगी।

शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प अभियान को और मजबूत बनाने का प्रयास करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पूरा जीवन मां भारती की सेवा में समर्पित किया है। उनसे सेवा भावना सीखने की जरूरत है। सेवा जनता तक पहुंचने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबों की पीड़ा को समझते हुए उनके कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना चाहिए।

कार्यशाला की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने की। संचालन जिला मंत्री दीप द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, शशि वार्ष्णेय, आनंद सोनकर, प्रमोद मोदी, अनुज कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, अरुण पटेल, अजय सिंह, राजेश गोंड, शिखा रस्तोगी, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, मोहित गुप्ता, सुजीत कुशवाहा, शोभिता श्रीवास्तव और प्रभाकर त्रिपाठी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल