home page

संगठन में किसी भी ऊंचे पद तक अपने काम के दम पर पहुंच सकता है भाजपा कार्यकर्ता : संजय गुप्ता

 | 
संगठन में किसी भी ऊंचे पद तक अपने काम के दम पर पहुंच सकता है भाजपा कार्यकर्ता : संजय गुप्ता


नई राष्ट्रीय टीम में संगठनात्मक अनुभव, जमीनी जुड़ाव और ऊर्जा का बेहतर समन्वय : भाजपा महानगर अध्यक्ष

प्रयागराज, 18 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन की नई घोषित राष्ट्रीय टीम को लेकर प्रयागराज महानगर के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मंगलवार काे कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता अपने काम और समर्पण के बल पर संगठन में किसी भी ऊंचे पद तक पहुंच सकता है। नई घोषित राष्ट्रीय टीम इसका उदाहरण है। उन्होंने नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संजय गुप्ता ने कहा कि भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में संगठनात्मक अनुभव, जमीनी स्तर से जुड़ाव और युवा ऊर्जा का बेहतर समन्वय दिखाई देता है। यह टीम संगठन को और मजबूती देने के साथ कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी कुरुक्षेत्र में उतरेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नई राष्ट्रीय टीम के गठन पर भाजपा महानगर के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और नवनियुक्त पदाधिकारियों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, शुभम सिंह, निर्दोष सिंह गोलू, सुजीत कुशवाहा और आनंद दुबे सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल