home page

भगवान जगन्नाथ का 108 घड़ों के जल से होगा महाभिषेक, 29 जून को निकलेगी भव्य विश्राम यात्रा : राजेश केसरवानी

 | 
भगवान जगन्नाथ का 108 घड़ों के जल से होगा महाभिषेक, 29 जून को निकलेगी भव्य विश्राम यात्रा : राजेश केसरवानी


भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा रथ पर होंगे विराजमान, आकर्षक झांकियां रहेंगी शामिल

प्रयागराज, 27 जून (हि.स.)। ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर 29 जून को भगवान नील माधव जगन्नाथ स्वामी की स्नान एवं विश्राम यात्रा परंपरागत श्रद्धा और भव्यता के साथ निकाली जाएगी। उक्त जानकारी शनिवार को मीडिया से श्री जगन्नाथ जी महोत्सव समिति ट्रस्ट के रथयात्रा संयोजक राजेश केसरवानी ने दी।

उन्होंने बताया कि यात्रा से पहले प्रयागेश्वर जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ का 108 घड़ों के पवित्र जल से महाभिषेक (स्नान विधि) कराया जाएगा, जिसके बाद भगवान को रथ पर विराजमान कर भव्य विश्राम यात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा में भगवान जगन्नाथ के साथ उनके भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा भी रथ पर विराजमान रहेंगे। इसके अलावा भगवान गणेश, हनुमान जी, गरुड़ महाराज, राधा-कृष्ण, कृष्ण-बलदाऊ की सुसज्जित झांकियां, डीजे, बैंड, ढोल-नगाड़े, भांगड़ा दल और आकर्षक प्रकाश सज्जा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।

समिति के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित होने वाली यह विश्राम यात्रा कटघर स्थित प्रयागेश्वर जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर कटघर, सालिकगंज, मुट्ठीगंज, रामभवन, बहादुरगंज, मानसरोवर, मोतीमहल, एस.सी. बसु मार्ग, अग्रसेन चौराहा होते हुए आर्य भवन, जीरो रोड पर संपन्न होगी।

समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन एवं विश्राम यात्रा में सहभागिता करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल