home page

डीएनए की प्रतिलिपि बनाने से लेकर रोगों से लड़ने तक, शरीर में काम करती हैं सूक्ष्म आणविक मशीनें : प्रो. के. पी. मिश्रा

 | 
डीएनए की प्रतिलिपि बनाने से लेकर रोगों से लड़ने तक, शरीर में काम करती हैं सूक्ष्म आणविक मशीनें : प्रो. के. पी. मिश्रा


डीएनए की प्रतिलिपि बनाने से लेकर रोगों से लड़ने तक, शरीर में काम करती हैं सूक्ष्म आणविक मशीनें : प्रो. के. पी. मिश्रा


इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 12 दिवसीय राष्ट्रीय रिफ्रेशर कोर्स का समापन, 41 सत्रों में हुए 49 व्याख्यान

प्रयागराज, 16 नवंबर (हि.स.)। हमारा शरीर डीएनए की प्रतिलिपि बनाने से लेकर हानिकारक जीवाणुओं और विषाणुओं से लड़ने तक का काम कोशिकाओं के भीतर मौजूद सूक्ष्म आणविक मशीनों की मदद से करता है। इन मशीनों की कार्यप्रणाली को समझकर भविष्य में रोगों की बेहतर जाँच, उपचार और नई चिकित्सा तकनीकों का विकास किया जा सकता है। यह बातें भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क), मुंबई के रेडिएशन बायोलॉजी एंड हेल्थ साइंसेज डिवीजन के पूर्व प्रमुख प्रो. के. पी. मिश्रा ने सोमवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय रिफ्रेशर कोर्स के समापन अवसर पर कहीं।

विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग एवं यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित 12 दिवसीय राष्ट्रीय ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स 'केमिस्ट्री फॉर लाइफ एंड सस्टेनेबल एम्पावरमेंट' के अंतिम दिन वैज्ञानिक अनुसंधान, औषधि निर्माण और शैक्षणिक नेतृत्व पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।

प्रो. मिश्रा ने 'फ्रॉम बायोमॉलिक्यूल्स टू असेंबली ऑफ बायोलॉजिकल मिनी मशीन्स' विषय पर व्याख्यान देते हुए जीवित कोशिका की तुलना एक सूक्ष्म कारखाने से की। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार कारखाने में अलग-अलग मशीनें विभिन्न काम करती हैं, उसी तरह कोशिकाओं के भीतर मौजूद आणविक मशीनें जीवन के लिए जरूरी प्रक्रियाओं को संचालित करती हैं। कोशिका विभाजन से पहले डीएनए की प्रतिलिपि तैयार होती है, जिससे नई कोशिकाओं को आनुवंशिक जानकारी मिलती है। यही प्रक्रिया शरीर की वृद्धि और गुणों के पीढ़ी-दर-पीढ़ी संचरण में महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि शरीर की कोशिकाएं विशेष रासायनिक संकेतों के माध्यम से एक-दूसरे से संवाद करती हैं। आणविक पहचान प्रणाली और प्रतिरक्षा तंत्र स्वस्थ ऊतकों तथा हानिकारक जीवाणुओं और विषाणुओं के बीच अंतर करने में सहायता करते हैं। इन प्रक्रियाओं की समझ से भविष्य में बेहतर रोग जाँच, आणविक सेंसर और उपचार की नई विधियां विकसित हो सकती हैं। इसमें रसायन विज्ञान, भौतिकी, जीवविज्ञान और क्वांटम विज्ञान का समन्वय महत्वपूर्ण है।

प्रयोगशाला की खोज को सस्ती और जीवनरक्षक दवाओं में बदलना बड़ी चुनौती : डॉ. रथन प्रसाद अचम्पेटा

हैदराबाद स्थित साई लाइफ साइंसेज के वाइस प्रेसिडेंट (प्रोसेस आरएंडडी) डॉ. रथन प्रसाद अचम्पेटा ने कहा कि प्रयोगशाला में किसी उपयोगी रासायनिक यौगिक की खोज करना वैज्ञानिक यात्रा का पहला चरण है। असली चुनौती उसका बड़े पैमाने पर उत्पादन, गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रखना तथा कम लागत पर मरीजों तक पहुंचाना है। उन्होंने 'केमिस्ट्री बियॉन्ड द क्लासरूम' विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि प्रोसेस केमिस्ट्री, औद्योगिक नवाचार और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादन तकनीकें दवा निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

अच्छा शिक्षक ही बन सकता है प्रभावी शैक्षणिक नेतृत्वकर्ता, नवाचार और दूरदृष्टि जरूरी : प्रो. ए. के. बख्शी

प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पीडीएम विश्वविद्यालय, हरियाणा के संस्थापक कुलपति प्रो. ए. के. बख्शी ने कहा कि अकादमिक नेतृत्व का अर्थ केवल प्राचार्य, अधिष्ठाता या कुलपति का पद प्राप्त करना नहीं है, बल्कि संस्थान को बेहतर बनाने की दूरदृष्टि और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता विकसित करना है। एक सफल शैक्षणिक नेतृत्वकर्ता के लिए विषय का गहरा ज्ञान, ईमानदारी, नवाचार, संस्थान के प्रति प्रतिबद्धता और प्रभावी संवाद जरूरी है।

कुलपति प्रो. संगिता श्रीवास्तव के संरक्षण में तीन से 16 नवंबर तक आयोजित इस पाठ्यक्रम में 41 शैक्षणिक सत्रों के तहत 49 व्याख्यान हुए। देश के 19 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों से 265 प्रारंभिक पंजीकरण प्राप्त हुए, जिनमें 224 शिक्षकों ने अंतिम नामांकन कराया। आईआईटी, बार्क, सीएसआईआर, डीआरडीओ, सीपीसीबी, एएनआरएफ, नीपा, विभिन्न विश्वविद्यालयों और उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने औषधीय रसायन, नाभिकीय विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, हरित संश्लेषण, पेटेंट, शोध नैतिकता, औषधि विकास और एआई आधारित शिक्षण जैसे विषयों पर व्याख्यान दिए।

समापन समारोह में कुलपति प्रो. संगिता श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. विष्णु पी. श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और सभी विशेषज्ञों, प्रतिभागियों तथा सहयोगियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर कुलसचिव, विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता, यूजीसी-एमएमटीटीसी के उपनिदेशक, रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष श्रीवास्तव सहित शिक्षक एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल