इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश के लिए चार नवंबर को साक्षात्कार
खाद्य एवं पोषण, मानव विकास और प्रसार शिक्षा विषयों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का होगा सत्यापन
प्रयागराज, 29 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया 2026 के तहत खाद्य एवं पोषण, मानव विकास तथा प्रसार शिक्षा विषयों में साक्षात्कार चार नवंबर को आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग की ओर से साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। साक्षात्कार दोपहर दो बजे से विज्ञान संकाय स्थित परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग में होगा। यह जानकारी गुरुवार को विभागाध्यक्ष प्रो. अंजलि माथुर ने दी।
साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को दो श्रेणियों में चयनित किया गया है। पहली श्रेणी में जेआरएफ अभ्यर्थी शामिल हैं, जबकि दूसरी श्रेणी में केवल नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को रखा गया है। इसके अतिरिक्त छूट प्राप्त श्रेणी में अर्पणा सक्सेना का नाम शामिल है।
जेआरएफ श्रेणी में कुल 13 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। इनमें कोमल सिंह, प्रिया, केएम दीप्ति, गुनिया यादव, केएम अनामिका तिवारी, सविता प्रजापति, अनिष्का भार्गव, आकांक्षा कुमारी, सृष्टि चौरसिया, नताशा मिश्रा, विवेकानंद सिंह, अम्ब्रिश पाल और केएम नीलम प्रजापति शामिल हैं।
वहीं, केवल नेट उत्तीर्ण श्रेणी में 10 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चुना गया है। इनमें केएम स्नेहा दसिला, सोमाश्री सरकार, वंदना कुमारी झा, पूजा राय, केएम रूबी सिंह, पारुल पटेल, रोली यादव, शुभांगी शुक्ला, चांदनी और वंदना आर्या के नाम शामिल हैं।
प्रस्तुति के लिए बनाना होगा शोध सारांश
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एमएस पावरपॉइंट पर आठ से दस मिनट की प्रस्तुति तैयार करनी होगी। इसके लिए शोध सारांश प्रस्तुत करना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियों का एक सेट भी लाना होगा।
आवश्यक दस्तावेजों में नेट एवं जेआरएफ का अंकपत्र, स्नातकोत्तर एवं स्नातक की अंकतालिका और प्रमाणपत्र, इंटरमीडिएट तथा हाईस्कूल के प्रमाणपत्र, लागू होने पर आरक्षण एवं दिव्यांगता प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार की तस्वीरें और शोध प्रस्ताव अथवा उद्देश्य विवरण की चार प्रतियां शामिल हैं। नियमानुसार, कार्यरत अभ्यर्थियों को अनापत्ति प्रमाणपत्र तथा छूट प्राप्त श्रेणी के अंशकालिक अभ्यर्थियों को अनुभव प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
विश्वविद्यालय की ओर से अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से भी सूचना दी जाएगी। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए यात्रा भत्ता या अन्य भत्ता नहीं दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

