home page

उद्यमिता में चुनौतियों के साथ अवसर भी, विद्यार्थियों को व्यावहारिक सोच अपनाने की जरूरत : पंकज शर्मा

 | 
उद्यमिता में चुनौतियों के साथ अवसर भी, विद्यार्थियों को व्यावहारिक सोच अपनाने की जरूरत : पंकज शर्मा


इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ‘युवाप्रेन्योर 2026’ का आयोजन, विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

प्रयागराज, 03 नवंबर (हि.स.)। उद्यमिता की राह में चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन नए विचारों और सही प्रयासों से कई अवसर भी पैदा होते हैं। विद्यार्थियों को व्यावसायिक जगत की वास्तविक परिस्थितियों को समझते हुए अपनी सोच, कौशल और रचनात्मकता को विकसित करना चाहिए। यह बातें मंगलवार को लखनऊ स्थित वैलेंटिया फार्म फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पंकज शर्मा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित उद्यमिता-केंद्रित कार्यक्रम ‘युवाप्रेन्योर 2026’ में कही।

उन्होंने अपनी व्यावसायिक यात्रा के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत और उद्यमिता की चुनौतियों एवं संभावनाओं से परिचित कराया।

विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग की ओर से प्रबंधन के पंचवर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उनमें उद्यमशील सोच विकसित करना, नवाचार को बढ़ावा देना और रचनात्मकता, विपणन कौशल तथा व्यावसायिक दक्षताओं को प्रदर्शित करने का अवसर देना था। इसके तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

उद्घाटन सत्र में पाठ्यक्रम की समन्वयक डॉ. शेफाली नंदन ने अतिथियों का स्वागत किया। संकायाध्यक्ष प्रो. आर. एस. सिंह ने बदलते कॉर्पोरेट और व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करने के लिए नवाचार, नेतृत्व क्षमता और स्वतंत्र चिंतन के महत्त्व पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष प्रो. जी. बी. एस. जौहरी ने विद्यार्थियों में उद्यमशील मानसिकता विकसित करने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. भावना श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन में मिले मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समापन सत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल