home page

कैंसर की पहचान से खाद्य सुरक्षा तक कारगर साबित हो रहा रमन प्रभाव : प्रो. राजेश कुमार वत्स

 | 
कैंसर की पहचान से खाद्य सुरक्षा तक कारगर साबित हो रहा रमन प्रभाव : प्रो. राजेश कुमार वत्स


रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी से दूध में मिलावट और मस्तिष्क के ट्यूमर की पहचान में मिल रही सफलता इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रिफ्रेशर कोर्स में चार विशेषज्ञों ने दिए व्याख्यान

प्रयागराज, 10 नवंबर (हि.स.)। सर सीवी रमन की ऐतिहासिक खोज रमन प्रभाव आज आधुनिक विज्ञान में कैंसर अनुसंधान, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, औषधियों की गुणवत्ता जांच और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस तकनीक से दूध में मिलावट की पहचान के साथ मस्तिष्क के ट्यूमर और सामान्य ऊतकों के बीच अंतर करना भी संभव हो रहा है। यह जानकारी होमी भाभा राष्ट्रीय संस्थान (एचबीएनआई), मुंबई के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. राजेश कुमार वत्स ने दी। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग और यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स में व्याख्यान दे रहे थे।

प्रो. वत्स ने 'वन इन ए मिलियन : द वीक बट माइटी रमन इफेक्ट' विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि लगभग दस लाख प्रकाश कणों में से एक कण में होने वाला सूक्ष्म ऊर्जा परिवर्तन भी पदार्थों की आणविक संरचना और रासायनिक पहचान की महत्वपूर्ण जानकारी दे सकता है। वर्ष 1928 में सीवी रमन और उनके सहयोगी केएस कृष्णन ने इस प्रभाव की खोज की थी। इसी खोज के लिए रमन को वर्ष 1930 में भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मिला।

उन्होंने बताया कि रमन ने नोबेल पुरस्कार मिलने से पहले प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिका नेचर में लगभग 79 शोधपत्र प्रकाशित किए थे। इनमें 12 से 15 शोधपत्र रमन प्रभाव से संबंधित थे। उन्होंने वर्ष 1934 में भारतीय विज्ञान अकादमी की स्थापना कर देश में वैज्ञानिक अनुसंधान और भारतीय शोध पत्रिकाओं को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्रो. वत्स ने बताया कि रमन स्पेक्ट्रोस्कोपी का उपयोग खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा अनुसंधान में तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2026 के एक अध्ययन में इस तकनीक और मशीन लर्निंग की मदद से दूध में मेलामाइन, यूरिया और अमोनियम सल्फेट जैसी मिलावट की पहचान में लगभग 96 प्रतिशत सटीकता मिली। वहीं, वर्ष 2024 के एक अध्ययन में मस्तिष्क के ऊतकों की जांच से ट्यूमर और सामान्य ऊतकों के बीच 91 से 97 प्रतिशत तक सटीक अंतर करने के परिणाम सामने आए।

वायु प्रदूषण की निगरानी में आधुनिक तकनीक की भूमिका

कार्यक्रम में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व अपर निदेशक और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, नई दिल्ली के विजिटिंग फैकल्टी डॉ. सुशील के. त्यागी ने वाष्पशील कार्बनिक यौगिकों (वीओसी), ओजोन निर्माण और वायु प्रदूषण नियंत्रण पर व्याख्यान दिया। उन्होंने टीडी-जीसी-एमएस तकनीक के माध्यम से वायु प्रदूषकों की पहचान और निगरानी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण को समझने और नियंत्रित करने के लिए उत्सर्जन स्रोतों के साथ वायुमंडल में होने वाली रासायनिक प्रक्रियाओं का अध्ययन भी जरूरी है।

सतत विकास और मानव स्वास्थ्य में रसायन विज्ञान की उपयोगिता

राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर की रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं सेंटर फॉर कन्वर्जिंग टेक्नोलॉजीज की निदेशक प्रो. नीलिमा गुप्ता ने 'मॉलिक्यूल्स टू सोसाइटी : केमिस्ट्री एज ए कैटेलिस्ट फॉर सस्टेनेबल एंड इन्क्लूसिव डेवलपमेंट' विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने सतत और समावेशी विकास में रसायन विज्ञान की उपयोगिता बताई। वहीं, आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर एमेरिटस प्रो. मन्नार आर. मौर्य ने मानव स्वास्थ्य और जैविक प्रक्रियाओं में आवश्यक धातु तत्वों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से जुड़ी है रमन प्रभाव की ऐतिहासिक विरासत

कार्यक्रम में 7 नवंबर को महान वैज्ञानिक मैरी क्यूरी और सीवी रमन की जयंती के वैज्ञानिक महत्व पर भी चर्चा हुई। रमन प्रभाव की खोज में सहयोगी रहे प्रो. केएस कृष्णन वर्ष 1939 से 1947 तक इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष रहे। जून 1947 में वह राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला, नई दिल्ली के संस्थापक निदेशक बने। विश्वविद्यालय ने 13 दिसंबर 1947 को हीरक जयंती समारोह में उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया था। स्वयं सीवी रमन भी विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग में आए थे।

रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनीष श्रीवास्तव ने कार्यक्रम के शैक्षणिक महत्व पर प्रकाश डाला। रिफ्रेशर कोर्स के समन्वयक प्रो. विष्णु पी. श्रीवास्तव ने रमन प्रभाव की आधुनिक रसायन विज्ञान और मानव कल्याण में उपयोगिता बताई। इस ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स में देश के 19 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों के 265 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल