तीन दिसंबर को 48 जिलों में होगी सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा
30 नवंबर से डाउनलोड होंगे प्रवेश पत्र, वैध प्रवेश पत्र के बिना नहीं मिलेगा परीक्षा में प्रवेश
प्रयागराज, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राइमरी एवं शहरी) भर्ती परीक्षा के लिए परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना जारी कर दी गई है। विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत यह लिखित परीक्षा तीन दिसंबर को प्रदेश के 48 जिलों में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने परीक्षा जनपद की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा के प्रवेश पत्र 30 नवंबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने साेमवार काे बताया कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राइमरी) और बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक (शहरी) पदों के लिए लिखित परीक्षा तीन दिसंबर को होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित विज्ञापन के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना सोमवार, 23 नवंबर से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट [**https://upessc.up.gov.in**](https://upessc.up.gov.in) के होमपेज पर दिए गए लिंक पर जाकर आवश्यक प्रविष्टियां भरकर अपने परीक्षा जनपद की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई सूचना केवल परीक्षा जनपद की अग्रिम जानकारी है। इसे प्रवेश पत्र न समझें। अभ्यर्थी 30 नवंबर से आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। वैध प्रवेश पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को समय से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और परीक्षा से संबंधित निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

