home page

सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी आजाद समाज पार्टी : शाहिद अख्तर खान

 | 
सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी आजाद समाज पार्टी : शाहिद अख्तर खान


फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में संगठन मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर जोर

प्रयागराज, 24 अक्टूबर (हि.स.)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात पहुंचाने की तैयारी कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नगीना लोकसभा सांसद व अधिवक्ता चन्द्रशेखर आजाद 26 अक्टूबर को प्रयागराज के भुलई का पूरा गांव में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के साथ ही उप्र विधानसभा के आगामी चुनावीं संखनाद करेंगे। यह जानकारी शनिवार को इलाहाबाद न्यूज रिपोर्टर क्लब के सभागार में मीडिया से वार्ता करते हुए पार्टी के फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी शाहिद अख्तर खान ने दी।

उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय, जन अधिकार और आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की।

पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम संबंधी सूचना में कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसभा के माध्यम से संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य पार्टी की नीतियों और विचारों को आम लोगों तक पहुंचाना तथा क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करना है।

शाहिद अख्तर खान ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना जरूरी है। पार्टी कार्यकर्ता गांवों और कस्बों में लोगों से संवाद करें तथा सामाजिक न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के साथ उनके जुड़ाव से आती है। इसलिए सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें।

इस मौके पर मण्डल प्रभारी नगेन्द्र गौतम, भाई चारा कमेटी के मण्डल प्रभारी विजय सरोज, मुनौवर, जिलाध्यक्ष गंगापार राम बहादुर वर्मा और मुख्य मण्डल प्रभारी अशोक कुमार मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल