नई तकनीकों से आसान होगा मस्तिष्क और रीढ़ की बीमारियों का इलाज : जस्टिस अरिंदम सिन्हा
यूपी-यूके न्यूरोकॉन-2026 में जस्टिस अरिंदम सिन्हा ने कहा- चिकित्सा क्षेत्र में लगातार सीखना और नई तकनीकों से परिचित रहना जरूरी, विशेषज्ञों ने साझा किए उपचार के नए तरीके
प्रयागराज, 14 नवंबर (हि.स.)। मस्तिष्क और रीढ़ की गंभीर बीमारियों के इलाज में नई तकनीकें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कम चीरे में ऑपरेशन, दूरबीन से सर्जरी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल से उपचार की नई संभावनाएं खुल रही हैं। मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए चिकित्सकों को लगातार सीखने और नई तकनीकों से परिचित रहने की जरूरत है। यह बातें इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अरिंदम सिन्हा ने शनिवार को यूपी-यूके न्यूरोकॉन-2026 के उद्घाटन समारोह में कहीं।
इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विशेषज्ञों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर देते हैं, जिसका लाभ मरीजों को बेहतर उपचार के रूप में मिलता है। उन्होंने चिकित्सकों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग जनसेवा में करने का आह्वान किया।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय और सचिव डॉ. पंकज गुप्ता के नेतृत्व में हुए सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि प्रो. मजहर हुसैन, मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा और उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड न्यूरोलॉजिकल सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अवधेश जायसवाल सहित कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।
माइग्रेन, पार्किंसन और मस्तिष्क की गांठों पर चर्चा
दिनभर चले सत्रों में माइग्रेन के नए उपचार, पार्किंसन रोग, मस्तिष्क की गांठों और सिर की चोट में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर व्याख्यान हुए। शुरुआती सत्रों में डॉ. रवी उनीयाल, डॉ. निखिल मोदी, डॉ. नवनीत कुमार सिंह, डॉ. अरविंद कुमार अग्रवाल, डॉ. रमाकांत यादव और डॉ. अंकुर बजाज ने उपचार के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।
मस्तिष्क में होने वाली पीनियल ट्यूमर और मेनिंगियोमा जैसी गांठों के साथ गर्दन की जटिल बीमारी बेसिलर इनवेजिनेशन पर भी चर्चा हुई। सिर की चोट के उपचार में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता बताई गई।
कम चीरे और दूरबीन से सर्जरी की नई विधियों पर मंथन
विशेषज्ञों ने मस्तिष्क की नसों में सूजन, सिर में खून जमने, मस्तिष्क के निचले हिस्से की गांठों और रीढ़ की दूरबीन से सर्जरी के तरीकों पर अनुभव साझा किए। मिर्गी, नसों की चोट, साइबरनाइफ रेडियोसर्जरी और हाथ की नसों के गुच्छे में चोट के उपचार पर भी चर्चा हुई।
दोपहर में आयोजित दवे-छाबड़ा व्याख्यान में डॉ. बीके मिश्रा ने मस्तिष्क के निचले हिस्से की जटिल सर्जरी में सही निर्णय लेने के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, मस्तिष्क की नसों में गुब्बारे जैसी सूजन और रक्त वाहिकाओं की असामान्य बनावट के उपचार पर डॉ. पारितोष पांडेय, डॉ. अनूप कुमार सिंह, डॉ. पीके महेश्वरी और डॉ. अनिल पी. करापुरकर ने विचार रखे।
कपिल सूद व्याख्यान में डॉ. अचल श्रीवास्तव ने भारत में एससीए-12 और चलने-फिरने के संतुलन से जुड़ी बीमारी एटैक्सिया की स्थिति पर जानकारी दी।
अल्जाइमर, स्ट्रोक और रीढ़ की चोटों के उपचार पर चर्चा
शनिवार शाम के सत्रों में अल्जाइमर रोग की पहचान, मस्तिष्क के निचले हिस्से की दूरबीन से सर्जरी, संतुलन से जुड़ी नसों की गांठ और रीढ़ के ऑपरेशन के नए तरीकों पर प्रस्तुतियां हुईं। इसके अलावा लकवा, मस्तिष्क में रक्तस्राव, पार्किंसन रोग में विशेष उपकरण लगाने और मिर्गी के उपचार पर चर्चा की गई। इन सत्रों में डॉ. विवेक कुमार, डॉ. सतनाम सिंह छाबड़ा, डॉ. डीके वत्सल, डॉ. राहुल गुप्ता और डॉ. अतुल गोयल ने प्रस्तुतियां दीं।
अन्य सत्रों में तपेदिक से मस्तिष्कावरण का संक्रमण, मस्तिष्क में पानी भरने, रीढ़ की चोट, पुरानी कमर दर्द और मस्तिष्क की नसों के जटिल उपचार पर भी विशेषज्ञों ने अनुभव साझा किए। रीढ़ की दूरबीन से सर्जरी की नई विधियों, चिकित्सा कानून, मरीज की सहमति और उपचार के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

