home page

केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर किसान मजबूत करें आर्थिक स्थिति: सुरेन्द्र चौधरी

 | 
केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर किसान मजबूत करें आर्थिक स्थिति: सुरेन्द्र चौधरी


केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर किसान मजबूत करें आर्थिक स्थिति: सुरेन्द्र चौधरी


--पांच दिवसीय विराट किसान मेले का शुभारम्भ, गंगा पंडाल में उमड़ी किसानों की भीड़

प्रयागराज, 05 फ़रवरी (हि.स.)। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेकर किसान भाई बहनों से अपील है कि अपनी आय को बढ़ाने काम करें, किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। यह बात गुरुवार को माघ मेला के परेड ग्राउंड में स्थित गंगा पंडाल में कृषि विभाग द्वारा शुरू किए गए पांच दिवसीय विराट किसान मेले के शुभारम्भ मौके पर किसानों को सम्बोधित करते हुए एम.एल.सी सुरेन्द्र चौधरी ने कही।

उन्होंने किसानों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, फार्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान योजना, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड व संतुलित उर्वरक प्रयोग की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से समय पर पंजीकरण व योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। मेले में खाद, बीज, कृषि रक्षा रसायन, सोलर पम्प, ड्रोन सहित विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों व तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।

कृषि वैज्ञानिक डा. एम.पी. सिंह ने प्राकृतिक व जैविक खेती, जीवामृत-बीजामृत,मधुमक्खी पालन तथा नमामि गंगे योजना के अंतर्गत गंगा तटीय ग्रामों में खेती को बढ़ावा देने पर प्रकाश डाला। संयुक्त कृषि निदेशक प्रयागराज मंडल ने विभागीय स्टालों के माध्यम से योजनाओं व उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक ने फार्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान, सोलर पम्प, कृषि यंत्र अनुदान योजनाओं पर विस्तार से जानकारी साझा की। शुआट्स कृषि विश्वविद्यालय नैनी के निदेशक ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए मधुमक्खी, डेयरी, मछली, बकरी पालन व बागवानी को अपनाने का सुझाव दिया। डा. मनीष सिंह ने रबी फसलों में सिंचाई, उर्वरक व खरपतवार प्रबंधन पर उपयोगी जानकारी दी।

प्रयागराज कृषि विभाग द्वारा आयोजित 5 दिवसीय विराट किसान मेले का शुभारम्भ बृहस्पतिवार को माघ मेला क्षेत्र स्थित सेक्टर-3 के गंगा पंडाल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी ने किया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के संयुक्त कृषि निदेशक, उप कृषि निदेशक, उप कृषि निदेशक कृषि रक्षा, जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, सहायक निदेशक मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, अपर जिला कृषि अधिकारी एवं अन्य अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। मंच का संचालन प्रीति त्रिपाठी ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल