home page

दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में मजदूर की माैत

 | 
दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में मजदूर की माैत


प्रयागराज, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कोरांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कोरांव थाना क्षेत्र के पांडेय का मड़हा सिकरो गांव निवासी राम लल्लू (40) पुत्र शिवलाल शुक्रवार को मजदूरी कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोरांव-नारीबारी मुख्य मार्ग पर डिहिया नथऊपुर निवासी समीर पुत्र अमृत लाल की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन उसकी रास्ते में ही राम लल्लू की मौत हो गई। मृतक राम लल्लू दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी जयकली, तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल