home page

प्रतीक यादव का बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार, भाजपा-सपा समेत विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

 | 
प्रतीक यादव का बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार, भाजपा-सपा समेत विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई


प्रतीक यादव का बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार, भाजपा-सपा समेत विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई


- ससुर अरविंद सिंह विष्ट ने दामाद प्रतीक यादव को मुखाग्नि दी

-अंतिम संस्कार में सपा प्रमुख अखिलेश यादव, शिवपाल, धर्मेंद यादव समेत सैफई परिवार रहा मौजूद

लखनऊ, 14 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा)के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव (38) का अंतिम संस्कार गुरुवार दाेपहर भैंसाकुंड में किया गया। जहां उन्हें दोनों बेटियों ने अंतिम दर्शन कर विदाई दी और प्रतीक के ससुर अरविंद सिंह विष्ट ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सपा नेता शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव और सैफई परिवार के सदस्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, विधायकों व सांसदों समेत हजारों कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

अंतिम यात्रा से पहले प्रतीक यादव (38) को श्रद्धांजलि देने के लिए विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास पर सैफई परिवार के सभी सदस्यों के साथ-साथ प्रदेश सरकार के कई मंत्री पहुंचे।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अत्यंत दुखद क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि प्रतीक यादव हमें असमय छोड़कर चले गए। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ईश्वर पूरे परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मंत्री ओम प्रकाश राजभर, बेबी रानी मौर्य, चाचा शिवपाल सिंह यादव ने अपने परिवार के साथ अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। कई धर्माचार्यों और ब्रह्मकुमारी की बहनों ने श्रद्धांजलि दी। यहां पहुंचने वाले हर शख्स की आंखें नम थी और इतनी कम उम्र में प्रतीक के असामयिक निधन से बेहद दुखी नजर आ रहे थे। सभी लोगों ने प्रतीक की पत्नी अपर्णा और बेटियों को सांत्वना दी।

उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की 13 मई को सुबह अचानक तबियत खराब होने पर सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमयू) में ले जाया गया, जहां लगभग दो घंटे तक छह डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंपा। डॉक्टरों ने मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताया था। इसके बाद प्रतीक का शव विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत बड़ी संख्या में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह सिलसिला गुरुवार को उनकी अंतिम यात्रा शुरु होने तक जारी रहा। इस दौरान आवास के इर्द गिर्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

प्रतीक की मृत्यु के समय नहीं थी अपर्णा

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेत्री हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। बुधवार सुबह जब प्रतीक यादव की तबियत बिगड़ी और उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया तो उस समय अपर्णा प्रदेश से बाहर थीं। पति के निधन की सूचना मिलने के बाद वे दोपहर आवास पहुंची। इसके बाद प्रतीक का शव भी पोस्टमार्टम हाउस से घर पहुंचा। आवास पर शव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और प्रतीक की असमय मृत्यु सभी को रुला गई।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह