home page

उमरे ने सितंबर माह में राेपे 16.85 लाख पौधे, अब तक 39.10 लाख पौधों से संवारा हरित क्षेत्र

 | 
उमरे ने सितंबर माह में राेपे 16.85 लाख पौधे, अब तक 39.10 लाख पौधों से संवारा हरित क्षेत्र


उमरे ने सितंबर माह में राेपे 16.85 लाख पौधे, अब तक 39.10 लाख पौधों से संवारा हरित क्षेत्र


प्रयागराज मंडल में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य, 425 हेक्टेयर रेलवे भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में किया जा रहा विकसित

प्रयागराज, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और रेलवे परिसरों को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में मई से सितंबर 2026 तक 39 लाख 10 हजार 78 पौधे लगाए जा चुके हैं। अकेले सितंबर माह में 16 लाख 85 हजार 943 पौधे रोपे गए। मंडल ने वर्ष 2026 में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

माहवार आंकड़ों के अनुसार मई में 1,57,563, जून में 69,387, जुलाई में 5,89,286, अगस्त में 14,07,299 और सितंबर में 16,85,943 पौधे लगाए गए। इस तरह पांच माह में कुल 39,10,078 पौधे लगाए जा चुके हैं। निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए अब 60,89,922 पौधे और लगाए जाने हैं।

रेलवे भूमि, रेल पटरियों के किनारे तथा रेलवे परिसरों में खाली और उपयुक्त स्थानों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक करीब 425 हेक्टेयर रेलवे भूमि पर पौधरोपण किया गया है। प्रयागराज क्षेत्र में 7,91,241 पौधे लगाकर करीब 85 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है। इसी तरह कानपुर क्षेत्र में 5,20,614 और टूंडला क्षेत्र में 7,59,500 पौधे लगाए गए हैं।

पौधरोपण के साथ ही पौधों के संरक्षण और देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित स्थलों का नियमित निरीक्षण कर पौधों की स्थिति की निगरानी की जा रही है, ताकि उनका उचित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने साेमवार काे बताया कि प्रयागराज मंडल पर्यावरण संरक्षण के साथ रेलवे परिसरों को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में अभियान को और तेज किया जाएगा। उत्तर मध्य रेलवे ने चालू वित्त वर्ष में दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें प्रयागराज मंडल महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल