हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता : गणेश केसरवानी
मिनहाजपुर के गाड़ीवान टोला में 10 एचपी मिनी नलकूप का महापौर ने किया शिलान्यास, 200 परिवारों को मिलेगा लाभ
प्रयागराज, 16 नवंबर (हि.स.)। शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति देना और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिकता है। किसी भी क्षेत्र के नागरिकों को पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए लगातार नए नलकूपों की स्थापना और पेयजल व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। यह बातें सोमवार को महापौर गणेश केसरवानी ने मिनहाजपुर के गाड़ीवान टोला में कहीं।
महापौर ने वार्ड संख्या 60 के मिनहाजपुर स्थित गड़िकला, गाड़ीवान टोला के दुर्गा पूजा पार्क में 10 एचपी क्षमता के मिनी नलकूप का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि नलकूप के स्थापित होने से क्षेत्र के लगभग 200 परिवारों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिलेगी।
महापौर ने कहा कि पेयजल प्रत्येक नागरिक की बुनियादी आवश्यकता है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के हर वार्ड में पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में नए नलकूप लगाए जा रहे हैं और मौजूदा पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज के समग्र विकास के साथ प्रत्येक वार्ड की स्थानीय समस्याओं का समाधान भी उनकी प्राथमिकता है। आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे।
नलकूप के शिलान्यास एवं भूमिपूजन के दौरान क्षेत्रीय लोगों में उत्साह रहा। स्थानीय नागरिकों ने पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की पहल के लिए महापौर का आभार जताया।
इस अवसर पर तस्लीमुद्दीन, दुर्गेश नंदनी, अपूर्व चंद्रा, आदेश गोयल, वीरू सोनकर, हर्षित अग्रवाल, रोहित विश्वकर्मा, विजय सिंह, आकाश बजरंगी, महेंद्र जायसवाल, रजत गुप्ता, सुनील कुशवाहा, गौरी शंकर वर्मा, मंगल चौहान, अजय हेला, पल्लवी शुक्ला, शिवा शंकर विश्वकर्मा (ढक्कन गुरु), महाप्रबंधक जलकल संजीव कुमार और मिथलेश पाल सहित अनेक नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

