दोनों दिन सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण संपन्न : डॉ. प्रशांत कुमार
दो दिवसीय परीक्षा में 81.04 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, एआई कैमरों से हुई सभी केंद्रों की निगरानी
प्रयागराज, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा के दोनों दिन की लिखित परीक्षा प्रदेश के सभी निर्धारित केंद्रों पर पूरी शुचिता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान नकल और अनियमितता रोकने के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी केंद्रों की सघन निगरानी की गई। यह जानकारी आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को दी।
उन्होंने बताया कि आयोग के विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत 19 और 20 नवंबर को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। दोनों दिन कुल 1,27,571 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 1,03,393 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार कुल उपस्थिति 81.04 प्रतिशत रही।
डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि शुक्रवार को दूसरे दिन 18 विषयों की परीक्षा दो पालियों में कराई गई। प्रथम पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक हिन्दी, राजनीति शास्त्र, मनोविज्ञान, शस्य विज्ञान, कृषि आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन, कीट विज्ञान और एशियन कल्चर विषयों की परीक्षा हुई। वहीं दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, प्राणि विज्ञान, गृह विज्ञान, प्राचीन इतिहास, उद्यान विज्ञान, सैन्य विज्ञान, संगीत वादन और कृषि सांख्यिकी विषयों की परीक्षा आयोजित की गई।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दोनों पालियों में कुल 63,505 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 52,399 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। इस प्रकार दूसरे दिन 82.51 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। प्रथम पाली में 31,828 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 26,994 उपस्थित रहे। उपस्थिति 84.81 प्रतिशत रही। दूसरी पाली में 31,677 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 25,405 ने परीक्षा दी। इस पाली में उपस्थिति 80.20 प्रतिशत रही।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार की परीक्षा में 24,523 महिला अभ्यर्थी उपस्थित रहीं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की संख्या 27,876 रही। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 81.59 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 83.34 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग मुख्यालय स्थित अत्याधुनिक एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, आयोग के सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उप सचिव ने केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से निगरानी की। परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी गई।
अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग के लिए संबंधित जिलों के जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर परीक्षा नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से निर्विघ्न संपन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

