याेगी सरकार की योजनाओं का लाभ मिला तो रईस अहमद ने कैंसर को दे दी मात, बिता रहे खुशहाल जिंदगी
फिरोजाबाद, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की याेगी सरकार के स्वास्थ्य विभाग की याेजनाओं का लाभ मिला ताे फिरोजाबाद के रईस अहमद ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को भी मात दे दी। अब वह सरकार की कई अन्य योजनाओं का भी लाभ पाकर परिवार का पालन पोषण कर रहे है।
फिरोजाबाद जिले के हबीबगंज निवासी मोहम्मद रईस अहमद के परिवार में चार सदस्य हैं पति-पत्नी और दो बच्चे, उनके जीवन में सबसे बड़ा संकट तब आया, जब उन्हे माउथ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का पता चला। एक साधारण गरीब परिवार के लिए कैंसर जैसी घातक बीमारी का इलाज वित्तीय रूप से असम्भव प्रतीत हो रहा था, ऐसे विषम समय में प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसी योजनाएं उनके लिए वरदान साबित हुई।
रईस का कहना है आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से शुरुआती चरण में ही कैंसर का निःशुल्क और गुणवत्ता युक्त इलाज मिलने से उनकी जान बच सकी, यही नहीं अंत्योदय राशन कार्ड के माध्यम से उनके परिवार को प्रतिमाह 35 किलो राशन प्राप्त हो रहा है, जिससे बीमारी के दौरान परिवार के भरण-पोषण की चिंता दूर हुई, वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत घर में मुफ्त गैस कनेक्शन और सिलेंडर मिलने से रसोई के धुएं से मुक्ति मिली और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
अपनी आप बीती और सरकारी सहायता का अनुभव साझा करते हुए ‘‘रईस अहमद ने अत्यंत भावुक स्वर में कहा कि हम अत्यंत साधारण और गरीब परिवार से हैं, जब कैंसर का पता चला तो लगा सब खत्म हो गया लेकिन आयुष्मान भारत योजना से मेरा इलाज संभव हो सका और मेरी जान बच गई, अब मुझे अंत्योदय कार्ड से राशन और उज्ज्वला योजना से गैस मिल रही है, जिससे मैं और मेरा परिवार आज एक बेहतर जिन्दगी जी रहे है, साथ ही मैं अपने बच्चों को एक अच्छी शिक्षा भी प्रदान कर पा रहा हूँ।‘‘
रईस अहमद ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का आभार जताया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का कहना है कि मुझे खुशी है कि रईस अहमद को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला, जो इस बात को सिद्ध करता है कि शासकीय योजनाएं जमीनी स्तर पर लोगों का जीवन बचा रही हैं और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

