home page

मीरजापुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से पांटून पुल बंद, घंटों बाद बहाल हुआ आवागमन

 | 
मीरजापुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से पांटून पुल बंद, घंटों बाद बहाल हुआ आवागमन


मीरजापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में गंगा नदी का जलस्तर करीब ढाई फीट बढ़ने से जोपा गांव के सामने बने जोपा-रामपुर घाट पांटून पुल पर मंगलवार सुबह से आवागमन ठप हो गया। अचानक पुल बंद होने से दोनों ओर वाहनों और राहगीरों की लंबी कतार लग गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर पहुंची कार्यदाई संस्था पीडब्ल्यूडी (भदोही) की टीम ने स्थिति का जायजा लिया। अवर अभियंता अंशू मिश्रा ने बताया कि पानी बढ़ने से पुल का उत्तरी छोर जलमग्न हो गया था, जिससे आवागमन रोकना पड़ा। उन्होंने बताया कि अधिक पानी के कारण नया पीपा लगाना संभव नहीं था। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लोहे के गार्डर पर लकड़ी के पटरे और टिन शेड बिछाकर दोपहर एक बजे के बाद आवागमन बहाल कराया गया। गांव के प्रधान गोवर्धन पटेल ने बताया कि विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया। पुल चालू होने के बाद चिलचिलाती धूप में घंटों से इंतजार कर रहे वाहन चालकों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा