home page

बारिश में तालाब बनी सेगनपुर की सड़क, कई गांवों के ग्रामीण परेशान

 | 
बारिश में तालाब बनी सेगनपुर की सड़क, कई गांवों के ग्रामीण परेशान


औरैया, 22 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र बारिश के बाद सेगनपुर से अयाना, धनऊपुर, कुंअरदेपुर, अड्डा, कैसईपुर, भोतापुर समेत कई गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह तालाब जैसी नजर आ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है। कई दिनों तक पानी जमा रहने से सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। पानी के नीचे सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

यह मार्ग सेगनपुर के साथ अयाना, धनऊपुर और कुंअरदेपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। ग्रामीण इसी रास्ते से बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। जलभराव के कारण लोगों को कई बार घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में हर साल जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे ग्रामीणों में जिम्मेदार विभाग के प्रति नाराजगी है।

ग्राम प्रधान इमरान खान ने बताया कि स्टेट हाईवे बनने के दौरान पानी की निकासी के लिए जरूरी पुलिया नहीं बनाई गई, जिसके कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। फिलहाल जल निकासी का कोई स्थायी समाधान नहीं है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार