साइबर ठगी में पुलिस ने 50 हजार रुपये पीड़ित के खाते में कराये वापस
मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। साइबर ठगी के शिकार हुए एक व्यक्ति को बड़ी राहत मिली है। थाना कोतवाली शहर की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये की ठगी गई धनराशि वापस कराई है।
टेढ़ीनीम निवासी अख्तर अली ने 29 जनवरी को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन गुम होने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से 1,14,999 रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच करते हुए कार्रवाई की और ठगी गई रकम में से 50 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
शनिवार को खाते में पैसे वापस आते ही अख्तर अली ने पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस ने उन्हें साइबर जागरूकता के तहत सतर्क रहने और दूसरों को भी ठगी से बचने के लिए जागरूक करने की सलाह दी। इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा और महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

