पुलिस बनी 'फरिश्ता', 90 फीट गहरे कुएं में कूदे व्यक्ति की बचाई जान
बांदा, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में चिल्ला थाना पुलिस ने कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनाओं का एक उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। पारिवारिक कलह के चलते कुएं में कूदे एक व्यक्ति को पुलिस टीम ने करीब चार घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया। समय रहते मिली मदद ने व्यक्ति की जान बचा ली।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12-13 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि की है। थाना चिल्ला क्षेत्र के ग्राम पलरा में एक व्यक्ति पारिवारिक विवाद के कारण गहरे मानसिक तनाव में था। इसी आक्रोश में उसने गांव के ही खेतों में स्थित लगभग 90 फीट गहरे सूखे कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
रात्रि करीब एक बजे जैसे ही चिल्ला पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, थानाध्यक्ष आनन्द कुमार साहू के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कुआं अत्यंत गहरा था और चारों ओर अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद, पुलिसकर्मियों ने साहस का परिचय दिया और बिना समय गंवाए ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
पुलिस टीम ने धैर्य और सूझबूझ से काम लेते हुए लगभग 4 घंटे तक कड़ी मशक्कत की। अंततः, सुबह होते-होते पुलिस टीम ने व्यक्ति को कुएं से सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। जान बचने के बाद उसे तुरंत एंबुलेंस के जरिए बेहतर उपचार हेतु रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा भेजा गया।
थानाध्यक्ष चिल्ला आनन्द कुमार साहू ने सोमवार को बताया कि इस मानवीय कार्य में उपनिरीक्षक कमल सिंह, हेड कांस्टेबल प्रेमपाल सिंह और कांस्टेबल अजय यादव की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उनकी तत्परता और जांबाजी के कारण ही एक परिवार को उनका अपना मिल सका। पूरे क्षेत्र में पुलिस की इस कार्यशैली की जमकर सराहना हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

