home page

ऑपरेशन चक्रव्यूह में गौरीगंज पुलिस ने बरामद किया 10 किलो 100 ग्राम गांजा

 | 
ऑपरेशन चक्रव्यूह में गौरीगंज पुलिस ने बरामद किया 10 किलो 100 ग्राम गांजा


अमेठी, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” एवं “नशा मुक्त अमेठी अभियान” के तहत थाना गौरीगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान 10 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार काे पुलिस अधीक्षक ने खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक सरवरन टी. ने बताया कि थाना गौरीगंज पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान सैंठा बॉर्डर के पास प्रतापगढ़ की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान घनश्याम कुमार शुक्ल पुत्र रामकुमार शुक्ल निवासी पूरे बल्दी मजरे रेहुआ लालगंज थाना उदयपुर जनपद प्रतापगढ़, के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान प्लेटिना मोटरसाइकिल की डिग्गी एवं उस पर टंगे दो झोलों से छह पैकेटों में कुल 10 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही गांजा क्रय-विक्रय में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है ।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से गांजा बिक्री का कार्य कर रहा था। वह एक वेब एप के माध्यम से “जी.एस.” नामक व्यक्ति से संपर्क कर प्रयागराज के पास सहसों क्षेत्र से गांजा लाता था। अभियुक्त ने बताया कि वह करीब 30 किलो गांजा लेकर आया था, जिसमें से शेष गांजा पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के आधार पर थाना गौरीगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी