home page

मीरजापुर : कोर्ट के आदेश पर कब्जा हटाने गई पुलिस पर पथराव, उपनिरीक्षक घायल

 | 
मीरजापुर : कोर्ट के आदेश पर कब्जा हटाने गई पुलिस पर पथराव, उपनिरीक्षक घायल


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के सीखड़ गांव में शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर विवादित भूमि से कब्जा हटाने पहुंची पुलिस टीम पर कथित रूप से पथराव किया गया। घटना में उपनिरीक्षक सरोज चौबे घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने स्वयं को सुरक्षित किया।

सीखड़ गांव निवासी विजय नारायण सिंह और लखपत सोनकर के बीच पिछले 56 वर्षों से भूमि विवाद चल रहा है। मामले में जनपद न्यायाधीश की अदालत ने चार माह पूर्व विजय नारायण सिंह के पक्ष में निर्णय दिया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अमीन और पुलिस टीम विवादित भूमि से कब्जा हटाने पहुंची थी। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने अपने परिजनों व अन्य लोगों को बुला लिया। आरोप है कि बड़ी संख्या में एकत्र लोगों ने ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए, जिससे उपनिरीक्षक सरोज चौबे के गर्दन और कान में चोट लग गई।

चुनार कोतवाली प्रभारी विजय शंकर सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर अमीन के साथ पुलिस बल कब्जा हटाने गया था। कब्जा हटाने के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों से हल्की झड़प हुई, जिसमें एक उपनिरीक्षक घायल हुए। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा